दिल्ली-NCR में बारिश और तूफान की आशंका, दो दिन का येलो अलर्ट जारी


रितु, आईआईएमटी न्यूज़

(ग्रेटर नोएडा) दिल्ली-एनसीआर के मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 10 और 11 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि इन दो दिनों में बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा तेज़ हवाओं और तूफान की भी चेतावनी दी गई है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, 10 और 11 अप्रैल को हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इस दौरान तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे लोगों को कुछ हद तक गर्मी से राहत मिल सकती है।

हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। 12 अप्रैल से मौसम एक बार फिर साफ होने की संभावना है। 12 से 14 अप्रैल तक आसमान साफ रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। इस अवधि में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

15 और 16 अप्रैल को एक बार फिर गर्म हवाएं दिल्लीवासियों को परेशान कर सकती हैं। इन दिनों हवा की गति लगभग 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहेगी, और अधिकतम तापमान बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान भी 24 डिग्री के आसपास बने रहने की उम्मीद है।

आईएमडी के अनुसार, बुधवार को दिल्लीवासियों ने अप्रैल महीने की सबसे गर्म रात का अनुभव किया, जब न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछले तीन वर्षों में अप्रैल महीने का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह तापमान में अचानक बढ़ोतरी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के बाद हुई गर्म हवाओं के कारण हो रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को तेज धूप, गर्म हवाओं और लू से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

क्या है येलो अलर्ट?
मौसम विभाग जब येलो अलर्ट जारी करता है, तो इसका मतलब होता है कि मौसम को लेकर सतर्क रहने की ज़रूरत है। येलो अलर्ट उस स्थिति में जारी किया जाता है जब मौसम जनजीवन को प्रभावित कर सकता है, लेकिन वह खतरे की स्थिति में नहीं होता।

मौसम विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे अनावश्यक रूप से दोपहर के समय बाहर न निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और तेज धूप से बचने के उपाय करें।

About Post Author

आप चूक गए होंगे